DA Hike 2025 Big Update: त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही राज्य सरकारें अपने कर्मचारियों को तोहफे दे रही हैं। इसी बीच ओडिशा सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री मोहन चारण मांझी ने दीपावली से पहले ही पीएसयू कर्मचारियों का DA 2% बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। यह संशोधन 1 जनवरी 2025 से लागू होगा। इस बढ़ोतरी के बाद कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 53% से बढ़कर 55% हो गया है। राज्य सरकार के इस फैसले से करीब 9 लाख कर्मचारी और पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे।
अक्टूबर 2024 में भी बढ़ा था महंगाई भत्ता
अक्टूबर 2024 में कर्मचारियों का DA 3% बढ़ाया गया था। उस समय महंगाई भत्ता 50% से बढ़कर 53% हो गया था। इस बार की 2% बढ़ोतरी के बाद यह 55% पर पहुंच गया है। सरकार ने साफ किया है कि बढ़ा हुआ भत्ता वेतन के साथ कैश में दिया जाएगा, ताकि कर्मचारियों को पिछला बकाया भी मिल सके। इस फैसले का मकसद बढ़ती महंगाई का असर कम करना और कर्मचारियों की क्रय शक्ति को मजबूत करना है। पेंशनभोगियों को भी 2% DA वृद्धि का लाभ मिलेगा।
त्रिपुरा सरकार ने भी दी राहत
ओडिशा के बाद त्रिपुरा सरकार ने भी दीपावली से पहले अपने कर्मचारियों को खुशखबरी दी है। यहां भी महंगाई भत्ते में 3% का इजाफा किया गया है। इससे कर्मचारियों और पेंशनधारकों दोनों को लाभ होगा। दिवाली से पहले हुई इस घोषणा ने लाखों परिवारों को राहत पहुंचाई है।
यूपी में कब होगा DA Hike का एलान?
उत्तर प्रदेश के 14 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारी महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार केंद्र सरकार दिवाली से पहले DA में बढ़ोतरी की घोषणा करेगी। उसके तुरंत बाद यूपी सरकार अपने कर्मचारियों को राहत देगी। इंडेक्स आंकड़ों के आधार पर DA में 3% वृद्धि लगभग तय मानी जा रही है। उम्मीद है कि दीपावली से पहले ही इसका आधिकारिक एलान हो जाएगा। हर साल की तरह इस बार भी दीपावली बोनस और महंगाई भत्ते की घोषणा कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान लाने वाली है।