UP Employees Diwali Bonus: उत्तर प्रदेश के 8 लाख से ज्यादा कर्मचारियों के लिए योगी सरकार दिवाली पर तोहफा देने की तैयारी कर रही है। जल्द ही प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को खुशखबरी मिल सकती है। हाल ही में केंद्र सरकार ने बोनस का ऐलान किया है और अब प्रदेश सरकार भी कर्मचारियों को दीपावली से पहले बोनस देने की योजना बना रही है। सूत्रों का कहना है कि त्योहार से पहले कर्मचारियों को बोनस का फायदा मिल जाएगा।
यूपी सरकार तैयार कर रही दिवाली बोनस योजना
केंद्र सरकार के फैसले के बाद अब उत्तर प्रदेश सरकार भी अपने लाखों कर्मचारियों को दीपावली बोनस देने की तैयारी में जुट गई है। सूत्रों की मानें तो बोनस का ऐलान जल्दी ही हो सकता है। बताया जा रहा है कि अधिकतम ₹7000 तक बोनस दिया जाएगा। इस योजना का फायदा अराजपत्रित राज्य कर्मचारी, दैनिक वेतन भोगी और वर्क चार्ज कर्मचारियों को भी मिलेगा।
वित्त विभाग की तैयारी जारी
राज्य के सरकारी कर्मचारियों को दिवाली बोनस देने के लिए वित्त विभाग पत्रावली बना रहा है। पत्रावली पूरी होने के बाद इसे सरकार से मंजूरी के लिए भेजा जाएगा और उसके बाद कार्यकारी आदेश जारी कर दिया जाएगा। उम्मीद है कि अक्टूबर के दूसरे हफ्ते तक आदेश जारी हो सकता है। बोनस की रकम कर्मचारियों की कैटेगरी के हिसाब से तय होगी।
कितना मिलेगा बोनस
बोनस की राशि ₹3400 से ₹7000 के बीच तय की जा सकती है। ए राजपत्रित कर्मचारियों को मिलने वाली रकम का आधा हिस्सा उनके जीपीएफ अकाउंट में जाएगा और आधा हिस्सा सीधे बैंक खाते में जमा कराया जाएगा। सरकार दिवाली से पहले हर हाल में इस बोनस का ऐलान करेगी ताकि कर्मचारियों तक समय पर पैसा पहुंच सके।
महंगाई भत्ता भी बढ़ सकता है
दिवाली बोनस के साथ-साथ कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का तोहफा भी जल्द मिल सकता है। केंद्र सरकार इस पर जल्दी फैसला लेने वाली है। केंद्र सरकार के ऐलान के बाद यूपी के करीब 14 लाख कर्मचारी और पेंशनधारकों को महंगाई भत्ता और महंगाई राहत का लाभ मिलेगा। अभी 55% महंगाई भत्ता मिल रहा है, जो आंकड़ों के हिसाब से 58% तक पहुंच सकता है।